बैतूल में एक शख्स ने अपने 12 दिन के नवजात बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके 5 और 7 साल के दो बेटे हैं। पत्नी तीसरी बार गर्भवती हुई तो वह चाहता था कि बेटी हो, लेकिन उसने बेटे को जन्म दिया। ये आरोपी को नागवार गुजरा। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, बजरवाड़ा निवासी अनिल पिता रामू उइके रविवार शाम घटना के वक्त नशे में था।

चाहता था घर में बेटी पैदा हो
कोतवाली थाना प्रभारी आशीष सिंह पवार ने बताया कि अनिल चाहता था कि उसके घर बेटी हो। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बीच उसने पत्नी रुचिका को पीटना शुरू कर दिया। बचने के लिए पत्नी बच्चे को छोड़कर गांव में भाग गई। इस बीच अनिल ने बेटे का गला घोंट दिया।
हत्या कर मौके से भाग गया
घटना की जानकारी लगते ही पाढर चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बेटे की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से भाग गया था। सोमवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी का कहना है कि वह दो बच्चों के बाद पत्नी को ऑपरेशन करने के लिए कह रहा था, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद वह गर्भवती हो गई और तीसरी बार भी उसने बेटे को जन्म दे दिया, जबकि वह चाहता था कि उसके घर बेटी हो जाए।




