गोविंदपुरा पुलिस ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी करने की नीयत से नरसिंहपुर से ट्रेन के रास्ते भोपाल आता था। यहां कुशा भाऊ ठाकरे बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से दो पहिया वाहनों को चोरी कर फरार हो जाता था।
इन चोरी के वाहनों को गाडरवाड़ा में बेच दिया करता था। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 16 दो पहिया वाहनों को जब्त किया है। मामले में चार खरीदारों को भी आरोपी बनाया गया है।
यात्रियों के वाहनों को बनाता था निशाना
डीसीपी श्रद्धा तिवारी ने बताया कि आरोपी सतीश शर्मा (34) पुत्र रामस्वरूप शर्मा निवासी ग्राम बनवाड़ी जिला नरसिंहगढ़ का रहने वाला है। पिछले दो महीनों में आईएसबीटी से एक दर्जन से अधिक वाहन चोरी जा चुके हैं। जिसके बाद पुलिस की टीम लगातार आईएसबीटी के आस पास चेकिंग अभियान चला रही थी। गिरफ्तार किया गया सतीश केवल आईएसबीटी पर खड़े यात्रियों के वाहनों को ही निशाना बनाता था।
चोरी के वाहन के साथ रंगे हाथ किया गया गिरफ्तार
पुलिस की चेकिंग के दौरान संदेहियों से पूछताछ की जाती थी। मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया था। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को शनिवार को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह चोरी का वाहन लेकर भागने की तैयारी में था। उसे घेराबंदी कर आईएसबीटी के बाहर से पकड़ा गया है। पूछताछ में उसने वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात को स्वीकार कर ली थी।
गाडरवाड़ा में बेचे जाते थे वाहन
उसकी निशानदेही पर चोरी के 16 वाहन जब्त किए गए हैं। सभी वाहनों को आरोपी ने गाडरवाड़ा में कम दामों में बेच दिया था। चोरी के वाहन खरीदने वाले संतोष कहार, जीतू उर्फ जितेंद्र नोरिया और बृजेश अहिवार को भी आरोपी बनाया गया है।
चोरी की रकम से खरीदी बुलेट जब्त
आरोपी ने चोरी के वाहनों को बेचकर आरोपी ने जो बुलेट खरीदी थी, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जुआ खेलने का भी शौकीन है, वाहनों को बेचने के बाद जो रकम मिली थी, उसमें कुछ रकम वह जुए में हार चुका है।




