भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक 9 वर्षीय बालिका को अज्ञात बाइक सवार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोपी ने बच्ची के पिता का दोस्त बनकर उसे स्कूल छोड़ने और आइसक्रीम खिलाने का झांसा दिया। गनीमत रही कि कुछ घंटों बाद बच्ची शहर के मेरियट होटल के पास सुरक्षित मिल गई।
क्या है पूरा मामला?
न्यू सुभाष कॉलोनी की रहने वाली 9 वर्षीय पूर्वी पंवार सुबह मंदिर से घर लौट रही थी। तभी एक बाइक सवार ने उसे रोककर पिता का दोस्त होने का नाटक किया और बाइक पर बैठा लिया। काफी देर तक जब बच्ची घर नहीं पहुँची, तो परिजनों ने सीसीटीवी खंगाले, जिसमें बच्ची बाइक पर जाती दिखी।
पुलिस की कार्रवाई
आरोपी बच्ची को शहर में घुमाने के बाद मेरियट के पीछे ठंडी सड़क इलाके में छोड़कर फरार हो गया। वहां एक राहगीर ने बच्ची को अकेला देख डायल-112 को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को सकुशल परिजनों को सौंप दिया है। अशोका गार्डन थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




