भोपाल | राजधानी की क्राइम ब्रांच टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले 5 वर्षों से फरार चल रही एक स्थायी वारंटी महिला और उसके साथी को धरदबोचा है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तारी के समय आरोपियों के पास से ‘एमडी’ (MD) ड्रग्स भी बरामद हुई है। ये दोनों शहर में मादक पदार्थों की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे।
भीम नगर में ग्राहक का इंतजार कर रहे थे तस्कर
पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि भीम नगर स्थित झरनेश्वर मंदिर के पास एक महिला और युवक अपनी काली स्कूटी के साथ खड़े हैं और किसी ग्राहक को ड्रग्स सप्लाई करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
स्कूटी की तलाशी में मिला 1.80 लाख का सामान
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम निधि ठाकुर (35), निवासी अयोध्या नगर और उजेर उर्फ माहिर खान (21), निवासी जहांगीराबाद बताया। जब पुलिस ने उनकी स्कूटी की डिग्गी की तलाशी ली, तो उसमें से एक पारदर्शी पन्नी में 5.91 ग्राम क्रिस्टलनुमा एमडी ड्रग बरामद हुई। जब्त ड्रग, मोबाइल फोन और वाहन की कुल कीमत करीब 1.80 लाख रुपये आंकी गई है।
अपराध से पुराना नाता: जानिए कौन हैं ये आरोपी
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है:
- निधि ठाकुर: 12वीं तक पढ़ी निधि पिछले 5 साल से पुलिस की नजरों से बचकर फरार चल रही थी। वह पूर्व में अनैतिक देह व्यापार के गंभीर मामले में भी गिरफ्तार हो चुकी है।
- उजेर उर्फ माहिर: मात्र 21 साल का यह युवक पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। वह केवल सातवीं तक पढ़ा है और कम समय में मोटा मुनाफा कमाने के लिए नशले पदार्थों के कारोबार में उतर गया।
पुलिस का बयान:
“महिला आरोपी लंबे समय से फरार थी। दोनों आरोपी मिलकर शहर के युवाओं के बीच ड्रग्स खपाने का काम कर रहे थे। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है कि वे यह नशा कहाँ से लाते थे और उनके इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।”




