भोपाल। राजधानी के चूना भट्टी थाना अंतर्गत बाबा नगर में 2 अप्रैल की रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सोनू मीणा के खिलाफ FIR दर्ज की है, जबकि स्थिति को देखते हुए दोनों पक्षों पर धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 11:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले सोनू मीणा ने दीपक वाल्मीकि के परिवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी थी। विवाद बढ़ने पर मामला थाने पहुंचा। हेड कॉन्स्टेबल संग रतन ने बताया कि सोनू मीणा का पिछला रिकॉर्ड देखते हुए उस पर मामला दर्ज किया गया है, जबकि दीपक का कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
वायरल वीडियो से होगी पहचान
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ लोग हाथों में डंडे और पाइप लेकर जाते दिख रहे हैं। पुलिस इन अज्ञात लोगों की शिनाख्त कर रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है और वीडियो में दिख रहे लोग संभवतः समझाने के उद्देश्य से पहुंचे थे।
तोड़फोड़ से पुलिस का इनकार
इलाके में वाहनों में हुई तोड़फोड़ को लेकर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह एक अलग घटना है और उसका इस विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं पाया गया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।




