भोपाल। राजधानी के पॉश इलाके एमपी नगर स्थित बोर्ड ऑफिस के पास चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। गुरुवार देर रात बदमाशों ने मशहूर इंडियन कॉफी हाउस (ICH) का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 60 हजार रुपए नगद पार कर दिए। चोरों ने सिर्फ कॉफी हाउस ही नहीं, बल्कि पास की दो अन्य दुकानों को भी निशाना बनाया और वहां से भी सामान समेट ले गए।
सुबह खुलासे से मचा हड़कंप
रोजाना की तरह गुरुवार रात 11 बजे कॉफी हाउस बंद हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे जब कर्मचारी पहुंचे, तो शटर का लॉक टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो कैश काउंटर से नगदी गायब थी। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
किसी बाहरी गैंग पर शक
पुलिस के अनुसार, चोरों ने कॉफी हाउस के बगल की दो दुकानों के ताले भी चटकाए हैं। वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस को किसी बाहरी गिरोह पर संदेह है।

”हमने मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।”
— स्थानीय पुलिस अधिकारी
फिलहाल, पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुलिए का मिलान कर रही हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है।




