भोपाल के करोंद में रहने वाली BHMS छात्रा रविवार को दोस्तों के साथ सलकनपुर मंदिर गई थी। रात के समय सभी ने रास्ते में एक होटल में खाना खाया। यहां से दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर छात्रा भोपाल के लिए रवाना हुई। नर्मदापुरम रोड ओबेदुल्लागंज में बाइक एक ट्रैक्टर से टकरा गई।
हादसे में युवती और उसका दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को इलाज के लिए नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार की सुबह इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सोनम प्रजापति (21) पिता अमान सिंह प्रजापति मूल रूप से विदिशा की रहने वाली थी। भोपाल के करोंद इलाके में किराए का कमरा लेकर रह रही थी और यहीं एक प्राइवेट कॉलेज से BHMS सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। कॉलेज के दोस्तों के साथ अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर सोमन का कॉलेज ग्रुप सलकनपुर मंदिर गया था।
वहां से लौटते समय रास्ते में एक ढाबे पर खाना खाया और भोपाल के लिए सभी रवाना हुए। सोमन राजू नाम के दोस्त की बाइक पर सवार थी। रास्ते में बाइक को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। ओबेदुल्लागंज पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।




