भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी एक स्कूटी शहर की सड़कों पर खुलेआम दौड़ती रही। हद तो तब हो गई जब इसी चोरी की स्कूटी को रोशनपुरा चौराहे पर पुलिस की वर्दी पहनी एक युवती ट्रैफिक सिग्नल तोड़ते हुए नजर आई।
फरियादी नीलू साहू, जो हमीदिया अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि 22 अगस्त की सुबह वह अपनी नीली स्कूटी (क्रमांक MP04-YY-5579) से अस्पताल ड्यूटी पर आई थीं। अस्पताल परिसर के सामने से उनकी स्कूटी चोरी हो गई थी, जिसमें आईफोन, एटीएम कार्ड और कार की डिजिटल चाबी वाला एक काला बैग भी रखा था। उन्होंने तुरंत थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामला तब खुला जब 2 सितंबर को फरियादी के घर ट्रैफिक ई-चालान पहुंचा। चालान में लगे फोटो में उनकी चोरी हुई स्कूटी पर पुलिस की वर्दी पहने एक युवती नजर आ रही है। अब पुलिस के सामने यह बड़ा सवाल है कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद यह वाहन शहर में कैसे दौड़ रहा था और वर्दी में दिखने वाली युवती कौन है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक शोभाराम को सौंपी गई है।




