मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एमपी में फैले नक्सलवाद की सांप से तुलना की। उन्होंने कहा कि एक कमरे में मखमल के गद्दे पर किसी को सोने के लिए कह दिया जाए और उस कमरे में सांप घूमते रहें तो यह कैसे हो सकता है कि कोई आसानी से सो सके। हमारे लिए यह गौरव की बात है कि पुलिस ने इस समस्या को समझा और सांप का फन कुचलकर नक्सल मूवमेंट को खत्म कर दिया है।
सीएम डॉ यादव ने शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में ये बात कही। इससे पहले मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर विधिवत रूप से आईपीएस सर्विस मीट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि परिवार और व्यक्तिगत जिन्दगी को छोड़ पुलिस लोगों के लिए काम करती है। हमारे भारत की पुलिस अनुशासन की उत्कृष्ट मिसाल है।
सीएम यादव ने कहा कि आजादी के दौरान भारत और पाकिस्तान दोनों ही आजाद हुए, लेकिन पाकिस्तान में कभी भी तख्ता पलट हो जाता है। हमारे यहां आईएएस, आईपीएस अफसरों ने लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सारे विभाग महत्वपूर्ण हैं लेकिन पुलिस की चुनौतियां अलग हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में संगठित अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है। हमें मध्य प्रदेश को आंतरिक सुरक्षा का आदर्श प्रदेश बनाए रखने का लक्ष्य लेकर चलना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस को जल्द ही प्रमोशन की स्वीकृति का समाचार मिलेगा। इसके साथ ही पुलिस विभाग में पर्याप्त भर्तियां की जाएंगी।
डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी में कई तरह की चुनौतियां होती हैं। इसके बावजूद वे अपनी ड्यूटी में लगे रहते हैं। सभी पुलिसकर्मी अभिनंदन के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के लिए वर्ष 2025 उपलब्धियों से भरा रहा है। प्रदेश सरकार और पुलिस नए अनुभवों के साथ आगे बढ़ रही है।
राष्ट्रविरोधी ताकतों को मध्यप्रदेश पुलिस जड़ से खत्म कर रही है। राज्य में संगठित अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है। पुलिस लोकतंत्र और कानून व्यवस्था की मजबूती के लिए हर कदम पर सरकार के साथ खड़ी दिखाई देती है। नशा विरोधी अभियान में प्रदेश पुलिस निरंतर सराहनीय उपलब्धियां हासिल कर रही है।
प्रदेश पुलिस देश के लिए आदर्श उदाहरण
नए कानून लागू करने में प्रदेश पुलिस देश के लिए आदर्श उदाहरण है। मध्य प्रदेश में साइबर अपराधों सहित सभी तरह के संगठित गिरोह और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा रहा है। डॉ. यादव ने प्रदेश की धरती से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया करने के लिए पुलिस अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देशभक्ति और जन सेवा की भावना को और मजबूत करते हुए मध्य प्रदेश को आंतरिक सुरक्षा का आदर्श प्रदेश बनाए रखना हम सब का लक्ष्य हो।
डीजीपी ने किया स्वागत
आईपीएस सर्विस मीट में पहुंचे मुख्यमंत्री का पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और भारतीय पुलिस सेवा संघ के अध्यक्ष चंचल शेखर ने पुष्प गुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने स्वागत उद्बोधन दिया।




