भोपाल के कोलार इलाके में गुरुवार को जिस बच्ची की झांकी पंडाल में गोली लगने से मौत हुई, उसके शव का पोस्टमॉर्टम शुरू हो गया है। हमीदिया अस्पताल में पांच डॉक्टरों की पैनल शव का पीएम कर रही है। एक्सरे में साफ हो गया है कि गोली बच्ची की गर्दन और कंधे के बीच ऊपर से घुसी और कमर में जाकर धंस गई है।
पुलिस पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की तैयारी में है। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने घटना का रीक्रिएशन किया। एफएसएल की टीम ने भी मौका मुआयना कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक शशि हाइटेक सिटी, राजहर्ष कोलार निवासी सुनील रजक पानी सप्लाई करने का काम करते हैं। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। उसकी 10 साल की बेटी रिया रजक चौथी कक्षा की स्कूली छात्रा थी। गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रिया दूसरे बच्चों के साथ राजहर्ष कॉलोनी स्थित झांकी के पास खेल रही थी। उसी दौरान अचानक वह गश खाकर गिर गई। लोगों ने देखा कि रिया के बाएं कंधे और गर्दन के बीच गहरा जख्म है और खून बह रहा है। फौरन बच्ची को जेके अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे बाद उसकी मौत हो गई।
सिटी स्कैन से नहीं हुआ खुलासा
एसआई जितेन्द्र केवट का कहना है कि डॉक्टर ने बच्ची का सिटी स्कैन कराया था लेकिन उसमें कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है। एफएसएल पार्टी के डॉक्टर का भी कहना है कि पोस्टमॉर्टम होने के बाद ही मौत के कारण साफ हो सकेंगे। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कोई वस्तु ऊपर की ओर से आकर बच्ची के कंधे पर लगी है। पुलिस को अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
चाचा बोले मेरे सामने गिरी भतीजी
मृतका के चाचा राज रजक ने बताया कि घटना के समय झांकी में भंडारे की तैयारियां चल रही थीं। हम इंतजामों में व्यस्त थे। तभी भतीजी अचानक गश्खाकर गिरी, उसके कंधे से खून निकल रहा था। यह देख अफरा-तफरी हो गई। तत्काल झांकी समिति के लोगों के साथ बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बॉडी से खून अधिक बह चुका था, हमने खून का इंतजाम किया।
लेकिन आधी यूनिट खून चड़ सका और रिया ने दम तोड़ दिया। इसके बाद भंडारे का आयोजन कैंसिल किया। माता को चंद लोगों के साथ विसर्जन के लिए रवाना किया। हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, आस पास किसी पर कोई शक नहीं है। ऐसा अनुमान है कि किसी ने हर्ष फायर किया, इसी दौरान गोली किसी चीज से टकराने के बाद दिशा बदल बैठी और मासूम भतीजी को आ लगी। पुलिस जांच कर रही है, बस जिससे भी यह घटना हुई, उसकी पहचान कर उसकी गिरफ्तारी होना चाहिए, जिससे जा गंवाने वाली निर्दोश मासूम भतीजी को न्याय मिल सके।
शस्त्र लाइसेंस धारियों से पूछताछ शुरू
पुलिस ने घटना स्थल के आस पास रहने वाले उन लोगों को तलब कर लिया है, जिनके पास शस्त्र लाइसेंस हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का अनुमान है कि शस्त्र पूजा के बाद किसी ने हर्ष फायर किया है, जिससे गोली लगने से बच्ची की मौत हुई है।




