भोपाल। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र से पिछले कुछ दिनों से लापता चल रहे 22 वर्षीय युवक का शव गुरुवार सुबह छोटे तालाब से बरामद किया गया। मृतक की पहचान सुभाष कॉलोनी, सेमरा निवासी विकास रघुवंशी (पिता नारायण सिंह रघुवंशी) के रूप में हुई है, जो फेब्रिकेशन का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
9 सितंबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी
परिजनों के मुताबिक, विकास 8 सितंबर की रात बिना किसी को बताए घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। काफी तलाशने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने अगले दिन (9 सितंबर को) अशोका गार्डन थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
गुरुवार सुबह केबिन स्टे ब्रिज के पास छोटे तालाब में एक शव मिलने की सूचना तलैया थाना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी शिनाख्त विकास के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला?
मृतक के भाई अरुण रघुवंशी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि विकास का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। भाई का दावा है कि प्रेम संबंध में धोखा मिलने के बाद से विकास गहरे मानसिक तनाव में था और संभवतः इसी के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की पुख्ता वजह को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला है। तलैया थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर संभावित एंगल से गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस प्रेम प्रसंग के पहलुओं के साथ-साथ युवक के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों और उसके मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) खंगालने में जुटी है, ताकि मौत का असल कारण सामने आ सके।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
विकास दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी अचानक इस तरह हुई मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



