गाडरवारा (नरसिंहपुर)। क्षेत्र में लगातार हो रही कृषि पंपों की केबल चोरी से नाराज किसानों ने मंगलवार को थाने पहुंचकर विरोध जताया। राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ के बैनर तले महगवां कला और आसपास के गांवों के किसानों ने थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान को एक शिकायत पत्र सौंपा।
किसानों ने पुलिस को बताया कि 27 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने खेतों में लगे कई कृषि पंपों से केबल चुरा ली। पिछले एक साल से महगवां कला, कानहरगांव, मगरमुहा, दिघोरी, सीरेगांव और कठोतिया गांवों में इस तरह की चोरियां लगातार बढ़ रही हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करे और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ियों व व्यापारियों पर भी सख्त कार्रवाई करे। किसानों ने पूर्व में हुई घटनाओं की एफआईआर की कॉपियां भी पुलिस को सौंपी हैं और मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है।



