इंदौर
शहर के हीरानगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का एक नया मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए एक महिला को होटल की रेटिंग बढ़ाने का काम और शेयर मार्केट में 30% मुनाफे का लालच देकर हजारों रुपए की चपत लगा दी। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हीरानगर पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि वे एक दुकान पर नौकरी करते हैं। 21 अगस्त को उनकी पत्नी सिमरन के व्हाट्सएप नंबर पर ऑनलाइन घर बैठे कमाई करने का मैसेज आया था। हां कहने पर आरोपियों ने टेलीग्राम पर एक लिंक भेजकर होटलों की रेटिंग देने का टास्क दिया। शुरुआत में आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए महिला को पहले टास्क के 180 रुपए और दूसरे के 300 रुपए खाते में ट्रांसफर किए।
शेयर मार्केट में निवेश का झांसा
छोटे टास्क पूरे होने के बाद ठगों ने महिला को शेयर मार्केट में पैसे लगाने पर 30 प्रतिशत का तगड़ा मुनाफा कमाने का लालच दिया। उन्हें एक फर्जी लिंक भेजी गई जिसमें ऑनलाइन क्रिप्टो करेंसी के रूप में मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा था। जालसाजों के झांसे में आकर महिला ने पहले 800 रुपए और फिर धीरे-धीरे कर 10 हजार, 30 हजार और अन्य बड़ी रकम अलग-अलग खातों में जमा करवा दी।
जब महिला ने अपनी पूरी रकम वापस निकालनी चाही, तो ठगों ने और 50 हजार रुपए जमा करने की मांग की। ठगी का अहसास होने पर 23 अगस्त को पीड़िता ने अपने पति को पूरी बात बताई, जिसके बाद साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस अब मोबाइल नंबर और बैंक खातों के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है।



