भोपाल। शहर के आवासीय इलाकों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों और नगर निगम द्वारा जारी सीलिंग नोटिस को लेकर विवाद गहरा गया है। शनिवार को एक तरफ जहां कार्रवाई के विरोध में व्यापारी सड़कों पर उतरे, वहीं दूसरी तरफ ठोस कार्रवाई न होने से नाराज रहवासियों ने टॉर्च लाइट मार्च निकालने का ऐलान किया।
अवधपुरी में शनिवार सुबह व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध रैली निकाली। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों (रक्षाबंधन) के समय निगम की यह कार्रवाई अनुचित है। प्रदर्शन में व्यापारियों के परिवार, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। इससे पहले शुक्रवार को बाग सेवनिया में भी ऐसा ही विरोध देखने को मिला था।
निगम की कार्रवाई पर रहवासियों के सवाल
इधर, अरेरा कॉलोनी, गुलमोहर और त्रिलंगा के रहवासियों का आरोप है कि नगर निगम की कार्रवाई सिर्फ कागजों और नोटिस तक सीमित है। याचिकाकर्ता विवेक त्रिपाठी के अनुसार, कई जगहों पर कार्रवाई के नाम पर केवल दुकानें बंद दिखाकर अब नए किराएदारों के लिए ‘To-Let’ के बोर्ड लगा दिए गए हैं।
रहवासियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बावजूद अवैध निर्माणों को सील या ध्वस्त नहीं किया जा रहा। इससे आवासीय क्षेत्रों में पार्किंग, ट्रैफिक और सुरक्षा की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार शाम संयुक्त रहवासी संघर्ष समिति के बैनर तले गुलमोहर सेवा मार्केट से टॉर्च लाइट मार्च निकाला जाएगा।



