भोपाल के ईंटखेड़ी में रहने वाले व्यक्ति ने सोमवार दोपहर एक बजे घर के करीब पेड़ पर फंदा बनाकर फांसी लगा ली। हाल ही में उन्होंने लड़की का रिश्ता तय किया था। उनकी आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। परिजनों का आरोप है कि ससुर ने भरोसा दिलाया था कि वे जायदाद में हिस्सा देंगे।
जिससे बेटी की शादी भी हो जाएगी और परिवार की माली हालत भी सुधर जाएगी। अब ससुर ने हिस्सा देने से इनकार कर दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट नहीं मिलने से मौत के सही कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मामले की जांच की जा रही है।
दोपहर तक नहीं लौटे तो बेटा तलाश के लिए निकला
जानकारी के मुताबिक त्रिपाल सिंह (45) पिता निर्भय सिंह ग्राम रासलाखेड़ी बैरसिया रोड पर रहते थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। सोमवार की सुबह बिन बताए घर से निकले थे, जब काफी देर तक नहीं लौटे तो बेटा उनकी तलाश में निकला। उनका परिवार अकसर घर के करीब जंगल में शौच के लिए जाता था। बेटा चेक करने जंगल में पहुंचा।
बुजुर्ग की मदद से उतारा पिता का शव
जहां एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ पिता का शव उसने देखा। पास में मौजूद एक बुजुर्ग को मदद के लिए बुलाया और फंदे से पिता के शव को उतारा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस को स्पॉट से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव पर केवल अंडरवियर और बनियान थी।
भाई बोला हिस्सा नहीं मिलने से डिप्रेशन में थे
मृतक के भाई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक त्रिपाल सिंह का एक बेटा और दो बेटियां हैं। परिवार की आर्थिक हालत बेहद खराब थी, भैया बेरोजगार थे। आसपास की जमीनों और प्लॉट की डीलिंग कराने का काम करते थे, लेकिन सौदे नहीं होते थे। उन्होंने बेटी की शादी तय कर दी थी। इससे पहले अपने ससुर से बात की थी। ससुर ने भरोसा दिलाया था कि बेटी की शादी से पहले जायदाद में हिस्सा देंगे।
भैया को उम्मीद थी कि हिस्सा मिलने से वे बेटी की शादी सही ढंग से कर पाएंगे और परिवार की माली हालत में सुधार आएगा तथा बेटे को कुछ बिजनेस करा देंगे। अचानक ससुर ने हिस्सा देने से साफ इनकार कर दिया। इस बात को लेकर ससुर और दामाद में विवाद भी हो गया था।




