भोपाल। परवलिया सड़क थाना इलाके में स्थित एक वॉटर पार्क में दोस्त की बर्थडे पार्टी मनाने गए 12वीं के छात्र की स्विमिंग पूल में डूबने से संदिग्ध मौत हो गई। हादसा रविवार को मुबारकपुर के प्रिंस वॉटर पार्क में हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परवलिया थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा के मुताबिक, डीआईजी बंगला निवासी 18 वर्षीय अस्मित रैकवार अपने 8-10 दोस्तों के साथ आलोक तिवारी नामक दोस्त का जन्मदिन मनाने वॉटर पार्क गया था। चश्मदीदों के अनुसार, पूल में क्षमता से अधिक लोगों के होने के कारण अफरा-तफरी का माहौल था। इसी बीच अस्मित पूल के गहरे पानी में चला गया और बेसुध हो गया। दोस्त उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में उलझा मामला: नहीं थे सीसीटीवी कैमरे
पुलिस के मुताबिक, वॉटर पार्क के जिस हिस्से में यह हादसा हुआ, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। फुटेज न होने के कारण हादसे की सही वजह स्पष्ट नहीं हो पा रही है। पुलिस अब लापरवाही और हादसे के अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मृतक के दोस्तों और वॉटर पार्क के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।



