धार/राजगढ़:
दिवाली के त्यौहार से ठीक पहले धार जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर स्थित एक होटल के कमरे में छापा मारकर लगभग 9 क्विंटल अवैध पटाखे जब्त किए हैं। जब्त किए गए पटाखों की कुल कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि राजगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत फोरलेन पर स्थित एक होटल के कमरे में भारी मात्रा में अवैध पटाखे डंप करके रखे गए हैं और उन्हें बाजार में बेचने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी समीर पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर होटल में दबिश दी।
कमरे से मिले 50 कार्टन, सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं
तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि होटल के एक कमरे में पटाखों के कुल 50 कार्टन छिपाकर रखे गए थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि होटल संचालक विकास सोलंकी (30, पिता मोहनलाल सोलंकी) मौके पर पटाखों के भंडारण या बिक्री से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं दिखा सका।
हैरानी की बात यह थी कि जिस कमरे में भारी मात्रा में विस्फोटक यानी पटाखे रखे गए थे, वहां आग से बचाव के लिए सुरक्षा के कोई भी इंतजाम नहीं किए गए थे। मौके पर न तो कोई अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) था और न ही पानी या रेत की कोई व्यवस्था थी। जरा सी लापरवाही से होटल और आसपास के पूरे इलाके में कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने सभी 9 क्विंटल पटाखे जब्त कर आरोपी होटल संचालक विकास सोलंकी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और विस्फोटक अधिनियम (Explosives Act) की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक (SP) सचिन शर्मा और एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध पटाखा कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह खेप कहां से लाई गई थी।




