सुखी सेवनिया (भोपाल)।
स्थानीय इलाके में रविवार सुबह सुरभि कॉलेज के पास एक कुएं से 23 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान विशाल वंशकार (पिता छोटेलाल वंशकार, निवासी सुखी सेवनिया) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, युवक पिछले चार दिनों से घर से लापता था। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह पहले भी कई-कई दिनों तक बिना बताए बाहर रहता था और लौट आता था, इसलिए परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) की मर्चुरी भिजवाया। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सुखी सेवनिया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल किसी पर कोई संदेह नहीं जताया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य पहलुओं के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर रही है।




