इंदौर। शहर के औद्योगिक क्षेत्र पालदा में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पेस्ट कंट्रोल उत्पाद बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। केमिकल और कच्चे माल की मौजूदगी के कारण लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दिखाई बहादुरी: हादसे के वक्त फैक्ट्री में कुछ मजदूर फंस गए थे। क्षेत्रीय पार्षद कुणाल सोलंकी और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए जान जोखिम में डाली और फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
बड़ा हादसा टला: फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग सुबह करीब 11 बजे एक बोहरा कारोबारी की फैक्ट्री में लगी थी। समय रहते बचाव कार्य शुरू होने और दमकल के पहुंचने से एक बड़ी जनहानि टल गई। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।




