इंदौर की विजयनगर थाना पुलिस ने रविवार रात मोबाइल लूट की वारदातों में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने अब तक 8 मोबाइल फोन और 5 चोरी की बाइक बरामद की हैं। आरोपी चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदातों को अंजाम देते थे।
टीआई चंद्रकांत पटेल ने बताया कि 22 जनवरी की रात अपेक्षा बारोलिया पुत्री बने सिंह बारोलिया निवासी आदर्श मेघदूत नगर अपोलो प्रीमियम बिल्डिंग थाने पहुंची थीं। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई कि वह इंदरगढ़ होटल के सामने रात में टहल रही थीं, तभी बाइक सवार बदमाश उनका आईफोन 16 प्रो झपटकर फरार हो गए।
इसी दिन आरोपियों ने संस्कार गुप्ता, विष्णु मालवीय और धर्मेंद्र कुमार के साथ भी मोबाइल लूट की वारदातें की थीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में कृष्ण पुत्र रमेश मालवीय और चेतर उर्फ गोलू पुत्र मोहनलाल कहार शामिल हैं। दोनों आरोपी ग्राम पानीगांव थाना कांटा फोड़ जिला देवास के रहने वाले हैं।
पैदल घूमने वालों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी नौकरी की तलाश में इंदौर आए थे, लेकिन यहां आकर लूट और चोरी की वारदातें करने लगे। वे सूने इलाकों में पैदल घूमने वाले स्टूडेंट्स और आम लोगों को निशाना बनाते थे और हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो जाते थे।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य लूट की वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।




