भोपाल:
मध्य प्रदेश कैडर के रिटायर्ड IAS अधिकारी और लेखक नियाज खान ने सोशल मीडिया पर देश में मुसलमानों के प्रति कथित भेदभाव का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि कोई मुसलमान भले ही IAS या IPS अधिकारी क्यों न हो, उसे हिंदू रिहायशी इलाकों में आसानी से किराए पर मकान नहीं मिलता। उन्होंने सवाल किया कि क्या हर मुसलमान को शक की नजर से देखना सही है, जबकि हर मुसलमान देशभक्त होता है।
नियाज खान ने अपना निजी अनुभव साझा करते हुए बताया कि भोपाल के शक्तिनगर इलाके में नाम जानने के बाद एक मकान मालिक ने उन्हें घर देने से सीधे इनकार कर दिया था।
गौरतलब है कि पूर्व IAS अधिकारी अपने बयानों को लेकर लगातार चर्चा में रहते हैं। इससे पहले उन्होंने देश की सुरक्षा को लेकर भारत को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी थी। वहीं, पान मसाला और गुटखा विज्ञापनों को लेकर उन्होंने अभिनेता शाहरुख खान और अजय देवगन पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।




