भोपाल। राजधानी के बजरिया थाने में पदस्थ 58 वर्षीय सब इंस्पेक्टर (एसआई) राकेश मिश्रा की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह नहाने के बाद वे अपने कमरे में अचानक अचेत हो गए थे। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, राकेश मिश्रा सुबह करीब 8 बजे उठे और नहाने के बाद कमरे में बेड पर आकर लेट गए। पत्नी उनके पास चाय रखकर बाहर गईं और कुछ देर बाद लौटीं, तो वे बेसुध मिले। परिजनों ने बताया कि वे पिछले 10 साल से हृदय रोग से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था।
सूचना मिलने पर स्टेशन बजरिया पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।



