भोपाल। राजधानी के बंसल वन स्थित रेस्टोरेंट और बार में शुक्रवार दोपहर नगर निगम की म्युनिसिपल कोर्ट ने औचक निरीक्षण किया। प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट तरुणेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुई इस जांच में कई नामी प्रतिष्ठानों की पोल खुल गई।
जांच के दौरान कई किचनों में एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक्स मिलीं, जबकि फ्रीज में वेज और नॉनवेज खाना एक साथ रखा पाया गया। किचन में फैली गंदगी और नियमों की अनदेखी पर मजिस्ट्रेट ने स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई और मौके पर ही जुर्माना ठोका।
करीब दो घंटे चली इस कार्रवाई के दौरान फर्जी कैफे, रोमियो लेन, फ्लाइंग सोसर, माय बार, रास्ता, आयबरी, कव्वाली और संकल्प जैसे प्रमुख रेस्टोरेंट-बार की सघन जांच हुई। टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत भोजन और पेय पदार्थों के सैंपल भी जांच के लिए जब्त किए हैं। निगम के 30 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे अमले की इस अचानक कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।




