भोपाल: कुरावर क्षेत्र से एक नाबालिग हिंदू लड़की के कथित अपहरण के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज हिंदू संगठनों ने शुक्रवार को जहांगीराबाद थाने का घेराव कर दिया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी युवक पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एक मुस्लिम युवक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया है। परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने मामले में तत्परता नहीं दिखाई, जिससे आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि जब तक नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
थाने पर बढ़ते हंगामे को देखते हुए परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि लड़की की तलाश में टीमें रवाना कर दी गई हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।




