भिक्षावृत्ति रोकने के लिए भोपाल में गुरुवार को अफसर फिर सड़क पर उतरे। कलेक्टोरेट में बैठक के बाद एमपी नगर एसडीएम एलके खरे ने व्यापमं चौराहे पर कार्रवाई की। यहां कई लोगों को भिक्षावृत्ति करने से रोका। वहीं, गुटखा-पाउच बेचते हुए महिला को रोका।
एसडीएम की समझाइश के बाद भिक्षावृत्ति और गुटखा-पाउच बेच रहे लोग माने। उन्होंने आगे से ऐसा नहीं करने की बात कहीं। एसडीएम के साथ एसीपी मनीष भारद्वाज भी मौजूद थे।
जिपं सीईओ ने बैठक ली भिक्षावृत्ति उन्मूलन के लिए गुरुवार को कलेक्टोरेट में जिपं सीईओ ईला तिवारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। सीईओ तिवारी ने कहा, भोपाल को भिक्षा मुक्त शहर बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर सघन कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन-जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को समझाएं कि वे भिक्षा न दें, बल्कि शिक्षा और स्वावलंबन को प्रोत्साहित करें।
सीईओ तिवारी ने बताया, यह समय त्योहारों का है। ऐसे में सड़कों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। जन अभियान परिषद को भी इस दिशा में सक्रिय रूप से जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में तय हुआ कि अब हर सोमवार को होने वाली टीएल मीटिंग में भिक्षावृत्ति का विषय भी शामिल किया जाएगा।




