विदिशा की सिविल लाइन पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मुखबिर की सूचना पर एसबीआई एटीएम के पास खंडेलवाल की दुकान पर छापा मारा गया, जहां से दो सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मनोज गुप्ता (मां विहार कॉलोनी) और इकबाल उर्फ इशान खान (लोहंगी मोहल्ला) शामिल हैं। दोनों आईपीएल के चेन्नई और बेंगलुरु मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे थे।
Grandexch वेबसाइट के जरिए हो रहा था अवैध जुआ
जांच में सामने आया कि आरोपी Grandexch नामक वेबसाइट के जरिए अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी चला रहे थे। यह गिरोह विदिशा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था और डिजिटल भुगतान के माध्यम से पैसों का लेन-देन कर रहा था।
60 हजार रुपए का माल जब्त
पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 60 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। जब्त किए गए मोबाइल फोन की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पूछताछ में कई अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस तकनीकी विश्लेषण कर इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है, जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।




