सलामतपुर (रायसेन)। जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने नाबालिग को अपने घर में बंधक बनाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार-रविवार की दरमियानी रात नाबालिग घर नहीं लौटी, जिसके बाद परिजनों ने सलामतपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब तलाश शुरू की, तो नाबालिग आरोपी गोलू सहरिया के घर के एक कमरे में मिली। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे डरा-धमकाकर अपने घर ले गया था और वहां उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया।
तीन साल से थे परिचित
आरोपी 25 वर्षीय गोलू सहरिया और पीड़िता पड़ोसी हैं और पिछले तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायसेन महिला थाना प्रभारी स्वाति गोदरे ने मौके पर पहुँचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए। सलामतपुर थाना प्रभारी श्याम सिंह राजपूत ने बताया कि शिकायत मिलते ही घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




