भोपाल। सागर में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले पर सियासत गरमा गई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के ‘पाकिस्तान के बाद मप्र में हिंदू खतरे में हैं’ वाले बयान को गैरजिम्मेदाराना करार दिया है। उन्होंने कहा कि शराब पीने की घटना को जाति या धर्म के चश्मे से देखना पूरी तरह अनुचित है और ऐसी दर्दनाक घटनाओं पर किसी को भी राजनीतिक रोटियां नहीं सेंकनी चाहिए।
मंत्री देवड़ा ने कहा कि सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है और घटना की जड़ तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है कि जहरीली शराब कहां से और कैसे तैयार हुई। उन्होंने बताया कि अब तक 13 लोगों के पोस्टमार्टम में जहरीली शराब से मौत की पुष्टि हो चुकी है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने वाले तीन अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। साथ ही, 20 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर 10 को गिरफ्तार किया गया है।
आबकारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर के अधिकारियों तक सीमित नहीं रहेगी। यदि जांच में आबकारी आयुक्त, उपायुक्त या किसी भी अन्य जिम्मेदार अधिकारी की लापरवाही या संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार प्रभावित परिवारों के इलाज और उन्हें आर्थिक सहायता मुहैया कराने का काम कर रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध या जहरीली शराब की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दें।



