आपका एम.पीटॉप-न्यूज़

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 6 सभाओं को संबोधित किया


कांग्रेस, इंडी का प्रधानमंत्री कौन
दिग्विजय जी ने आतंकियों को मारने वाले सैनिकों पर ही सवाल उठा दिए
दिग्गी राजा ने सीएम रहते कोई विकास नहीं किया तो सांसद बनकर क्या करेंगे
कांग्रेस के भाग्य ही फूटे हैं
मैं अंतिम सांस तक जनता की सेवा करता रहूंगा
मोदी जी ही भारत का भला कर सकते हैं
– श्री शिवराज सिंह चौहान
भोपाल 04/05/2024l पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा समेत प्रदेशभर में लोकसभा चुनाव के प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री ने राजगढ़ लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर के समर्थन में सेमलापुरा जोड़ और कुंभराज में सभाएं की और सागर से भाजपा की उम्मीदवार लता वानखेड़े के समर्थन में शमशाबाद और कुरवाई में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। साथ ही श्री चौहान ने अपने लोकसभा क्षेत्र विदिशा में भी रोड-शो कर जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि, दिलों के रिश्ते पदों से बंधे नहीं रहते हैं। जब तक जिउंगा तब तक जनता के कल्याण के लिए काम करता रहूंगा। मेरे लिए जनता की सेवा ही भगवान की पूजा है।
दिग्गी राजा ने आतंकियों का महिमामंडन किया
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने राजगढ़ में दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना ही उन पर निशाना साधते हुए कहा कि, यहां से जो लड़ रहे हैं, उन्होंने तो आतंकवादियों का महिमामंडन किया। हमारे सैनिकों, वीर जवानों ने भारत माता की रक्षा के लिए जिन आतंकवादियों को मारा उस पर ही सवाल उठा दिए। अब ऐसे व्यक्ति क्या संसद में बैठने लायक हैं..? अभी प्रियंका गांधी जी सड़कों की बात कर रहीं थी। जब मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री थे तो पता ही नहीं चलता था कि, सड़कों में गड्ढें हैं या गड्ढों में सड़क। पूरे प्रदेश का बंटाधार कर दिया था। उसे सुधारने में मुझे कई बरस लग गए। उन्होंने कहा कि, जिन्होंने मुख्यमंत्री रहते कुछ काम नहीं किया वो सांसद बनकर क्या काम करेंगे। वो कहते हैं न पूत के पाँव, पालने में दिखाई देते हैं, हमने तो पहले ही देख लिया है।
कांग्रेस, इंडी का पीएम कौन
पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि, भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री तो तय हैं श्रीमान नरेंद्र मोदी जी लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन बताएं कि, उनका प्रधानमंत्री कौन है। धन्नू है कि, पन्ना है कि, जुम्मन है कोई नाम तो बताएं। इंडी गठबंधन वाले कहते हैं कि, बाद में तय करेंगे। कभी कहते हैं कि, बारी-बारी से एक-एक साल के लिए प्रधानमंत्री बनाएंगे। पूर्व सीएम ने कहा कि, हम जब बाजार में मटका खरीदने जाते हैं तो देख भाल कर लेते हैं कि, कहीं से फूटा तो नहीं है। ऐसे ही सब्जियां लेने जाते हैं तो देखते हैं कि, सब्जी खराब तो नहीं है। जब हम मटका और सब्जियां देख कर लेते हैं तो प्रधानमंत्री कौन बनेगा ये भी देखना जरूरी है। ऐसे लोगों से हम क्या उम्मीद कर सकते हैं। कांग्रेस और इंडी गठबंधन कभी भी देश और जनता का भला नहीं कर सकते हैं। देश का विकास और भला केवल मोदी जी ही कर सकते हैं।
कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, भगवान राम की जन्मभूमि आयोध्या में दिव्य और भव्य राममंदिर का निर्माण हुआ और रामलला विराजमान हुए, पूरा देश आनंद उत्सव में डूबा हुआ था। बहनें घरों में दीपक जला रही थी, नौजवान भगवा पताकाएं लहरा रहे थे। आयोध्या का अंसारी परिवार, जिसने कोर्ट में बाबरी मस्जिद का केस लड़ा उन्होंने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा में पूरे अंसारी परिवार ने भाग लिया। निमंत्रण कांग्रेस को भी मिला था, लेकिन उन्होंने लिखित में ऑन रिकॉर्ड कहा कि, मुहूर्त खराब है हम नहीं जाएंगे। अंसारी परिवार तक प्राण-प्रतिष्ठा में चला गया लेकिन कांग्रेस नहीं गई। कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई है। अब जब तक ये सूरज-चांद और धरती रहेगी, लिखा रहेगा कि, कांग्रेस ने भगवान राम का विरोध किया था। इनके गलत फैसलों के कारण ही आज अच्छे विचारवान नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
हर बहन बनेगी लखपति
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, बहनों का विकास और कल्याण मेरे जीवन का मिशन है। बहन-बेटियों की तकलीफ और दुख-दर्द मैंने बचपन में देखा था और तभी से मन संकल्प था कि, बहन-बेटियों के जीवन में रोशनी लाना है। मैं जब सांसद था तो बेटियों की शादी करवाता था लेकिन अकेले ज्यादा काम नहीं कर सकते हैं। इसलिए मुख्यमंत्री बनते ही सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई और लाखों बेटियों को जन्म से लखपति बनाने का काम किया। आज मुझे कहते हुए गर्व है कि, मध्यप्रदेश की धरती पर 50 लाख से भी ज्यादा लाड़ली लक्ष्मियां है। इसके बाद कन्या विवाह योजना लाई और लाखों बेटियों के निकाह और शादी करवाई। इसके बाद बहनों के लिए कुछ करने का अवसर मिला और लाड़ली बहना योजना बनाकर एक झटके में 1 करोड़ 32 लाख बहनों के खातों में पैसे डाले। लाड़ली बहना योजना ने तो बहनों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं। अब ये सफर यहीं नहीं थमेगा, प्रधानमंत्री मोदी जी ने भी कहा है कि, बहनों को लखपति बनाना है। इसलिए अब बहनों को लखपति दीदी बनाने का अभियान चलाना है। लखपति दीदी मतलब हर बहन की सालाना आय 1 लाख रूपए से अधिक हो और ये होकर रहेगा। स्व-सहायता समूह के माध्यम से अभी प्रदेश में 15 लाख बहनें लखपति दीदी बन चुकी है और 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है।
मोदी जी के नेतृत्व में विश्व गुरू बनेगा भारत
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मोदी जी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न और समृध्द भारत का निर्माण हो रहा है। कांग्रेस की सरकार में दुनिया में कहीं भी भारत का मान-सम्मान नहीं था। भारत को घपले-घोटालों का देश कहा जाता था लेकिन 2014 के बाद से दुनियाभर में भारता डंका बजा है। दुनिया के कोने-कोने में मोदी-मोदी के नारे लगे हैं। ये सम्मान केवल मोदी जी का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारवासियों का सम्मान है। सौ साल पहले एक नरेन्द्र यानी कि, स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि, सुदीर्घ रजनी समाप्त हुई जान पड़ती है, महानिशा का अंत निकट है, जो अंधे हैं वो देख नहीं सकते, जो बहरे हैं वो सुन नहीं सकते लेकिन मैं स्पष्ट रूप से देख रहा हूं कि, भारत माता एक बार फिर अंगड़ाई लेकर खड़ी हो रही है और विश्व गुरू के पद पर आसीन हो रही है। ये एक नेरन्द्र ने कहा था और दूसरा नरेन्द्र इस सपने को आज साकार कर रहा है। पूर्व सीएम ने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि, नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में ही भारत विश्व गुरू बनेगा कोई रोक नहीं सकता है।
शिवराजमय हुआ विदिशा
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के विदिशा में आयोजित रोड-शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। चारों तरफ शिवराज के नारों की गूंज सुनाई दे रही थी। लोग शिवराज की एक झलक पाने और उनका स्वागत करने के लिए आतुर दिखाई दिए। बच्चे, बूढ़े और जवान सभी ने दिल खोलकर शिवराज का फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया। खासतौर पर भैया शिवराज की बहनें उत्साहित दिखाई दी। बहनों ने शिवराज सिंह को तिलक लगाया, उनकी आरती उतारी और चुनाव लड़ने के लिए उनके हाथों में पैसे रख दिए। बड़े-बुजुर्ग भी अपने बेटे शिवराज को आशीर्वाद देने घरों से निकलें और माथे पर हाथ फेर कर उन्हें बड़ी जीत के लिए आशीर्वाद दिया। यही नहीं रोड-शो जिस गली, जिस चौराहे से गुजर रहा था वहां लोगों का हुजुम शिवराज का भव्य स्वागत कर रहा था। पूरा विदिशा शहर शिवराजमय नज़र आ रहा था। पूर्व सीएम ने भी इस प्रेम, स्नेह और अपार समर्थथन के लिए जनता का शीश झुकाकर अभिवादन किया और कहा कि, जनता का ये प्यार ही मेरी शक्ति है। मैं अपनी अंतिम सांस तक जनता के कल्याण के लिए काम करता रहूंगा।