कांग्रेस ने साधा निशाना; भाजपा ने मामला दबाने का किया प्रयास
सीधी। जिले के एक ढाबे पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेताओं के बीच शराब के नशे में जमकर मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना १७ मई की रात रीवा-सीधी बायपास रोड स्थित सिंघम ढाबे की है। उस दिन भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष का सीधी दौरा था। रात करीब ३ बजे युवा मोर्चा के जिला स्तरीय पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नेता इतने नशे में थे कि उनसे ठीक से चला भी नहीं जा रहा था और वे लड़खड़ाकर गिर रहे थे। इस मारपीट में खड्डी मंडल अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा समेत कुछ अन्य लोगों को चोटें आई हैं।
आपसी मामला बताकर पल्ला झाड़ा
इस हाईप्रोफाइल ड्रामे के बाद भी दोनों पक्षों में से किसी ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। बताया जा रहा है कि भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह के दबाव में मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है। जब घायल नेताओं से बात की गई तो उन्होंने इसे “आपसी मामला” बताकर पल्ला झाड़ लिया। वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय का कहना है कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, आवेदन मिलने पर ही कार्रवाई की जाएगी।
“भाजपा खुद को संस्कारी पार्टी बताती है, लेकिन उसके युवा नेता सरेआम शराब पीकर गुंडागर्दी कर रहे हैं। इससे घटिया नेतृत्व और क्या होगा।”
— संदीप सिंह पटेल, कांग्रेस नेता
इस घटना को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस और एनएसयूआई ने सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला है और इसे भाजपा के “असली संस्कार” बताया है। फिलहाल, सरेराह हुई इस गुंडागर्दी को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं।



