भोपाल (देहात)। ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026’ के तहत शुक्रवार को ग्राम कलारा में जनसंवाद एवं समस्या निराकरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय ने लगभग 250 ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
एसपी श्री पाण्डेय ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान और जनता से सीधा जुड़ाव पुलिस की पहली प्राथमिकता है। इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी साझा न करने और ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई। साथ ही, युवाओं को नशे के जाल से दूर रखने के लिए ग्रामीणों से एकजुट होकर प्रयास करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर, एसडीओपी बैरसिया वैशाली कराहलिया और गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव सहित पुलिस बल उपस्थित रहा।





