शिवपुरी। जिला न्यायालय परिसर के बाहर शुक्रवार को भरण-पोषण के मामले की पेशी पर आए पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने पति पर पत्थर से हमला कर दिया और बचाव के दौरान उसकी उंगली दांतों से चबा डाली। घायल पति ने कोतवाली थाने पहुंचकर पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
गोपालपुर निवासी वैजनाथ धाकड़ ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह वर्ष 2012 में हुआ था। वैजनाथ का आरोप है कि उसकी पत्नी करीब पांच माह पूर्व उसे छोड़कर अपने कथित प्रेमी के साथ रहने लगी थी। पत्नी ने उसके खिलाफ न्यायालय में भरण-पोषण का दावा दायर कर रखा है, जिसकी सुनवाई के सिलसिले में दोनों शुक्रवार को कोर्ट पहुंचे थे।
पति का आरोप है कि कोर्ट परिसर के बाहर निकलते ही दोनों में कहासुनी हो गई। तैश में आकर पत्नी ने पहले पत्थर से हमला किया और फिर हाथ की उंगली चबाकर उसे लहूलुहान कर दिया। घायल अवस्था में पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है।




