इंदौर | शहर के भंवरकुआं क्षेत्र में पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने प्रेम प्रसंग के चलते जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। तीन दिनों तक मौत से संघर्ष करने के बाद रविवार शाम एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें एक युवती द्वारा शादी से इंकार करने का जिक्र है।
दवा समझकर खाया जहर
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से कटनी (बरही) का रहने वाला मयंक (22) पिता हरिहर द्विवेदी पिछले तीन साल से इंदौर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। 26 फरवरी की रात उसने ब्लड प्रेशर की अत्यधिक दवाएं खा ली थीं। अगले दिन जब दोस्तों ने उसकी हालत बिगड़ती देखी, तो उसे निजी अस्पताल ले गए। रविवार को हालत गंभीर होने पर उसे एमवाय अस्पताल भेजा गया, जहाँ शाम को उसकी मौत हो गई।
सुसाइड नोट ने खोले राज
जांच के दौरान पुलिस को मयंक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें उसने गांव की ही एक युवती के साथ अपने संबंधों का खुलासा किया है। मयंक ने लिखा है कि युवती ने शादी से इंकार कर दिया और उससे रिश्ता खत्म कर लिया, जिससे आहत होकर वह यह आत्मघाती कदम उठा रहा है।
परिवार की उम्मीदों को लगा झटका
मयंक के पिता किसान हैं, जबकि बड़ा भाई मुंबई में रहकर पूरे परिवार का खर्च उठाता था। भाई का सपना मयंक और उसकी बहन को पढ़ा-लिखाकर काबिल बनाना था। घटना के समय मयंक की बहन गांव गई हुई थी और मयंक एक दिन पहले ही गांव से लौटा था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।




