इंदौर में चंदन नगर क्षेत्र के सिंहासा गांव के राम मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। गुरुवार सुबह जब पुजारी मंदिर के ताले खोलने पहुंचे, तो ताले टूटे हुए मिले। इसके बाद रहवासियों को सूचना दी गई और चंदन नगर पुलिस को बुलाया गया।
पुजारी नरेंद्र पाठक ने बताया कि चोर मंदिर से भगवान के आभूषण और दान पेटी में रखे लगभग तीन लाख रुपये लेकर फरार हो गए। चोरों ने दान पेटी तोड़ने का भी प्रयास किया था।

सीसीटीवी में कैद हुए चोर
पुलिस को मंदिर से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की गतिविधियां कैद मिली हैं। फुटेज में चोर बाइक से आते और जाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
चोरी की घटना के बाद क्षेत्र के रहवासियों में नाराजगी देखी गई। सुबह सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए और पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठाए
घर में घुसे चोर, नकदी और जेवर चोरी
इधर, इंदौर के तिलक नगर क्षेत्र में भी चोरी की घटना सामने आई है। गोयल नगर निवासी कुलभूषण जैन की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार चोरों ने घर में घुसकर अलमारी से सोने का गले का सेट, डायमंड सेट, सोने के टॉप्स, चांदी की पायल सहित अन्य कीमती सामान चुरा लिया।
एरोड्रम क्षेत्र में भी चोरी
इसके अलावा एरोड्रम क्षेत्र की बी पद्मालय कॉलोनी में रहने वाले हर्षवर्धन सिंह राठौर के घर भी चोरी की वारदात हुई है। आरोपी वहां से एक लैपटॉप, ऊपर की मंजिल से चांदी के नारियल, चांदी के सिक्के, नकद रुपये और महंगे कपड़े लेकर फरार हो गए।
पुलिस सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है।




