रतलाम पुलिस ने सोमवार को 1 लाख रुपए की एमडी ड्रग्स के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। धार के रहने वाले तीनों कार से ड्रग्स लेकर रतलाम से गुजर रहे थे। पुलिस ने चेकिंग की तो पैंट की जेब से मादक मिला।

बिलपांक पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की कार (एमपी 09 डीई1925) से तीन तस्कर अवैध मादक पदार्थ लेकर जावरा से रतलाम होते जा रहे हैं। बिलपांक टीआई अयूब खान ने एक टीम गठित की। बिलपांक टोल नाके के पास टीम ने नाकाबंदी की। चेंकिग के दौरान संदिग्ध कार आती नजर आई। पुलिस को देखकर ड्राइवर ने कार को तेजी से निकालने की कोशिश की। टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
पैंट की जेब में रखी थी ड्रग्स
पूछताछ में ड्राइवर ने सुनील (25) पिता मदन मण्डलोई निवासी ग्राम रोड़दा गंधवानी धार ने बताया कि उसके साथ दो लोग अतीक (32) पिता रफीक शेख निवासी गुलमोहर कॉलोनी धार और शकील (42) पिता शब्बीर हुसैन कुरैशी निवासी जय प्रकाश मार्ग धार है। तलाशी में अतीक शेख के पैंट की जेब से प्लास्टिक की थैली मिली, जिसमें 54 ग्राम एमडी ड्रग्स थी। पुलिस के अनुसार जब्त एमडी की कीमत करीब 1 लाख रुपए है।
बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान ने बताया कि कार जब्त कर तीनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। 11 फरवरी तक रिमांड मिला है
एमडी कहां से लेकर आए, पता लगा रहे
एएसपी राकेश खाखा ने बताया- धार के तीन लोगों के पास से एमडी जब्त की है। कहां से लेकर आए और किसे देने वाले थे पूछताछ की जा रही है। इनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।




