भोपाल। राजधानी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां काम न मिलने से नाराज एक नाबालिग लड़के ने रेलवे की निर्माण साइट से करीब 15 लाख रुपये कीमत का डंपर चोरी कर लिया। जीआरपी भोपाल ने मुस्तैदी दिखाते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को ट्रक सहित जे.पी. नगर क्षेत्र से बरामद कर लिया है।
काम मांगने गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार, करोंद निवासी फरियादी मिराज खान का डंपर रेलवे कॉलोनी की निर्माण साइट पर खड़ा था। आरोपी बालक एक दिन पहले ही वहां काम मांगने गया था, लेकिन कम उम्र होने के कारण उसे मना कर दिया गया। पहले भी ट्रकों पर क्लीनरी का काम कर चुके इस लड़के ने ट्रक चलाना सीख रखा था। काम न मिलने की चिढ़ और शौक पूरा करने की चाह में उसने चाबी लगे डंपर को रात के अंधेरे में पार कर दिया।
सीसीटीवी और मुखबिरों से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी रेल राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देशन में थाना प्रभारी जहीर खान ने दो टीमें गठित कीं। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस टीम कार्बाइड फैक्ट्री के पास पहुंची, जहां आरोपी डंपर के भीतर ही सोता हुआ मिला।
न्यायालय में पेशी
जीआरपी ने डंपर जप्त कर धारा 305 (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी बालक की काउंसलिंग कराकर उसे किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक जहीर खान, उपनिरीक्षक मिथलेश भरद्वाज और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।



