गंजबासौदा (विदिशा):
शहर में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच गद्दी और इलाके के अधिकार को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार को किन्नर मुन्ना नायक अपने समर्थकों के साथ शहर थाने पहुंचे और राजकुमारी व पूजा मिश्रा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
85 वर्षीय मुन्ना नायक, जो खुद को किन्नर समाज का मुखिया बताते हैं, ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी उनकी गद्दी हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गंजबासौदा, उदयपुर और गुलाबगंज उनके पारंपरिक क्षेत्र हैं, जहां आरोपी जबरन वसूली कर रहे हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मुन्ना नायक ने पुलिस से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
इससे पहले किन्नर पूजा मिश्रा भी मुन्ना नायक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करा चुकी हैं। इस मामले में एसडीओपी शिखा भलावी का कहना है कि पुलिस को आवेदन मिल गया है और जांच के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।



