ग्वालियर:किलागेट थाना क्षेत्र के मेवाती मोहल्ला (जगनापुरा) में रहने वाले 27 वर्षीय कारपेंटर समीर बैग ने ससुराल वालों की प्रताड़ना और सरेआम अपमान से आहत होकर जहर खाकर जान दे दी। इलाज के दौरान शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 1000 बिस्तर वाले अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
पत्नी के साडू के घर रहने को लेकर था विवाद
मृतक के परिजनों के मुताबिक, समीर की शादी 7 साल पहले सन्नो खान से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों में विवाद शुरू हो गया था। पिछले 4 साल से पत्नी अपने साडू शाकिर खान के घर रह रही थी। समीर जब भी उसे वापस लाने जाता, उसे हर बार अपमानित किया जाता था।
सरेराह की थी मारपीट
शुक्रवार दोपहर करीब 11:45 बजे समीर अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था। आरोप है कि वहां मौजूद सालों और साडूओं ने उसके साथ सरेआम मारपीट की। इस अपमान और प्रताड़ना से मानसिक रूप से टूट चुके समीर ने एक दरगाह पर जाकर सल्फास की गोली खा ली।
वीडियो में खोले राज
मौत से पहले समीर ने पुलिस और तहसीलदार के सामने वीडियो रिकॉर्डिंग में अपनी पीड़ा बयां की। उसने अपनी मौत के लिए पत्नी सन्नो खान, साले (शाहिद व आबिद खान) और साडू (शाकिर खान, फरजान खान व बल्लू खान) को जिम्मेदार ठहराया है।
किलागेट थाने के एसआई बृजेश सिंह कछवाह ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करा लिया है। मृतक के मरणासन्न बयान और वीडियो के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




