ग्वालियर के कंपू क्षेत्र में श्रद्धा और विश्वास के नाम पर धोखाधड़ी का एक खौफनाक मामला सामने आया है। संतान प्राप्ति की आस में एक तांत्रिक को हजारों रुपये देने वाले युवक को अपनी ही रकम वापस मांगना भारी पड़ गया। आरोपी तांत्रिक ने न केवल युवक पर धारदार हथियार से हमला किया, बल्कि उसकी भाभी ने भी बीच सड़क पर युवक की पिटाई कर दी।
30 हजार रुपये और ‘गारंटी’ का झांसा
गुढ़ा गुढ़ी का नाका निवासी रिंकू जाटव पिछले दो साल से अपनी समस्या के समाधान के लिए तांत्रिक राकेश जाटव के संपर्क में था। आरोप है कि राकेश ने पूजा-पाठ के नाम पर रिंकू से 30 हजार रुपये ऐंठे थे और वादा किया था कि काम न होने पर वह पूरी रकम लौटा देगा। जब कोई फायदा नहीं हुआ, तो रिंकू लंबे समय से अपने पैसे वापस मांग रहा था, जिसे आरोपी लगातार टाल रहा था।
सब्जी मंडी में खूनी संघर्ष
शुक्रवार शाम जब रिंकू बीजासेन माता मंदिर के पास सब्जी मंडी पहुंचा, तो वहां उसका सामना राकेश से हो गया। पैसे मांगते ही विवाद इतना बढ़ा कि राकेश ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अचानक धारदार हथियार निकाल कर रिंकू पर वार कर दिया, जिससे उसके हाथ में गहरा जख्म हो गया। इसी बीच आरोपी की भाभी राजो जाटव ने भी रिंकू पर चप्पलों से हमला कर दिया।
पुलिस की रडार पर आरोपी
सरेराह हंगामे और खून-खराबा देख राहगीरों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। कंपू थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
“पैसों के लेनदेन और झाड़-फूंक से जुड़ा यह विवाद अब पुलिस डायरी में दर्ज है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें उनकी तलाश में दबिश दे रही हैं।” — स्थानीय पुलिस अधिकारी




