इंदौर। शहर के हीरा नगर थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दैहिक शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दोस्ती के बाद बनाया शिकार
हीरा नगर पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पति का कुछ साल पहले निधन हो गया था। इसी दौरान उसकी पहचान आरोपी सूरज काछी (निवासी ग्राम मसुरहाई) से हुई। धीरे-धीरे दोनों की जान-पहचान दोस्ती में बदल गई। महिला का आरोप है कि सूरज ने उसे शादी का भरोसा दिलाया और इसी झांसे में रखकर उसे अपने कमरे पर ले गया, जहां उसके साथ गलत काम किया।
वादे से मुकरा तो पहुंची थाने
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने शादी का वादा कर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी साफ मुकर गया और उसे छोड़ दिया। खुद को ठगा महसूस कर पीड़िता ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
“महिला की शिकायत पर सूरज काछी के खिलाफ शुक्रवार को केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।”
— हीरा नगर पुलिस



