छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की शिवनगर कॉलोनी में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने अपने पति की कथित तौर पर डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पत्नी खुद थाने पहुंची और पुलिस को पूरी जानकारी दी।
क्या है मामला?
मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीनदयाल कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दीनदयाल का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को वह अपनी ससुराल (शिवनगर कॉलोनी) पहुँचा था। यहाँ बेटी को लेकर हुई कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने आपा खो दिया और पति पर डंडे से हमला कर दिया।
पति की प्रताड़ना बनी वजह
थाने पहुँची महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसे वर्षों से प्रताड़ित कर रहा था और मारपीट करता था। उसने कहा कि आज वह बर्दाश्त नहीं कर पाई और गुस्से में डंडा चला दिया, लेकिन उसका इरादा जान लेने का नहीं था।
थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जाँच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है।




