इंदौर के पास खुडै़ल में रहने वाली 27 वर्षीय महिला अंजुम पत्नी अमजद मंसूरी ने सोमवार शाम अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अंजुम के 10 वर्षीय बेटे ने बताया कि मां सुबह भी चुनरी से गला कस रही थीं।
खुडै़ल पुलिस के मुताबिक घटना के समय अंजुम के दोनों बच्चे बाहर खेल रहे थे। ससुर को बर्तन देने के बाद वह कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। देर शाम देवरानी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो खिड़की से झांककर देखा। वहां अंजुम फंदे पर लटकी दिखी।
सोनकच्छ गए थे पति
परिवार के सदस्य कादिर ने बताया कि अंजुम के पति अमजद सोनकच्छ गए हुए थे, जहां उनकी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी दौरान घर पर यह घटना हुई। कादिर के पिता ने बताया कि शाम को अंजुम मवेशियों को खाना देने के बाद दूध लाने के लिए बर्तन देकर कमरे में चली गई थी।
सुबह भी दी थी आत्महत्या की कोशिश
अंजुम के 10 वर्ष के छोटे बेटे ने बताया कि सुबह उसने मां को चुनरी से गला कसते देखा था, लेकिन उसकी नजर पड़ने के बाद मां ने काम में लग जाने का नाटक किया। परिजनों का कहना है कि अंजुम लंबे समय से ऊपरी बाधा जैसी मानसिक परेशानी से जूझ रही थी। हालांकि पुलिस अब आत्महत्या की असली वजह तलाशने में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।




