इंदौर के सी-21 मॉल के पीछे स्थित वी-आर-वन रेस्टोरेंट में मोमोज की गुणवत्ता को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे ग्राहक दीपक मीणा अपने दोस्तों के साथ वहां मोमोज खाने पहुंचे थे, जहां सर्व किए गए मोमोज में इल्लियां रेंगती हुई दिखाई दीं।
संचालक ने झाड़ा पल्ला
शिकायत करने पर रेस्टोरेंट संचालक सिद्धार्थ मालवीय और कर्मचारी सोनू पाल ने गलती मानने के बजाय कहा कि वे मोमोज खुद नहीं बनाते, इसलिए उनकी कोई गलती नहीं है। ग्राहकों द्वारा जांच करने पर रेस्टोरेंट में रखी फ्रोजन मोमोज की अन्य बास्केट में भी इल्लियां मिलीं। विरोध करने पर कर्मचारियों ने ग्राहकों के साथ बदतमीजी की।
खाद्य विभाग करेगा कार्रवाई
शिकायतकर्ता ने घटना के फोटो, वीडियो और लोकेशन के साथ खाद्य विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सीनियर फूड इंस्पेक्टर मनीष स्वामी ने बताया कि विभाग की टीम रेस्टोरेंट की जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि ये मोमोज कहां तैयार होकर सप्लाई किए जाते हैं। सैंपलिंग की जांच के बाद नियमों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




