मिनी स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत पिछले दो सालों से तिरंगा चौक से लेकर नवीन बस स्टैंड तक और हरदूखेड़ी रेलवे गेट से बरेठ रोड तक बायपास का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन इन सड़कों का निर्माण करने वाले ठेकेदार हर कभी अपनी मनमर्जी के चलते सड़क का निर्माण कार्य बंद कर देते हैं। इस वजह से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि जिस जगह से सड़क का निर्माण कार्य रुका हुआ है, उस स्थान से वाहन निकालने पर लोगों के वाहन फंस जाते हैं इससे कई लोग परेशान हो रहे हैं लेकिन नगर पालिका द्वारा संबंधित ठेकेदार को कोई निर्देश निर्माण कार्य को लेकर नहीं दिए जा रहे हैं। मालूम हो कि करीब तीन से चार महीने से हरदू खेड़ी रेलवे फाटक से लेकर बरेट रोड तक बायपास का निर्माण चल रहा है। वर्तमान समय में काफी हद तक सड़क का निर्माण हो गया है। लेकिन इमली चौराहे से लेकर बरेठ रोड तक का निर्माण कार्य पिछले कई दिनों से बंद पड़ा है। इस वजह से इमली चौराहा क्षेत्र के लोगों को सड़क से आने जाने में परेशानी हो रही है। जिस जगह पर सड़क निर्माण कार्य रुका है वहां से वाहन निकालने पर वाहन चालकों के वाहन फस रहे हैं।
तिरंगा चौक वायपास का निर्माण भी रोका
यही हालत तिरंगा चौक से लेकन नवीन बस स्टैंड तक बनने वाले बायपास के हैं। यह मार्ग भी काफी हद तक बन गया है लेकिन बेदनखेड़ी से बस स्टैंड तक आने वाले हिस्से का निर्माण कार्य भी इस समय बंद है यहां के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि ठेकेदार का भुगतान रुक जाने की वजह से संबंधित ठेकेदार द्वारा काम बंद कर दिया गया है।
संबंधित ठेकेदार को जल्द से जल्द काम शुरु करने के निर्देश दिए जाऐंगे जिससे की आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। हमारी कोशिश है की निर्माण कार्य जल्द पूरा हो सकें।
– निशांत सिंह ठाकुर-सीएमओ नपा।




