क्रिकेट खेलते समय झगड़ा हुआ तो एक दोस्त ने नाबालिग दोस्त के पेट में चाकू मार दिया। आरोपित ने पेट के अलावा सिर, हाथ और पीठ में भी वार किया। नाबालिग की हालत गंभीर है। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। राऊ थाना पुलिस ने आरोपित नीलेश उर्फ मिर्ची तंवर निवासी अग्रवाल कालोनी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम करीब चार बजे 17 वर्षीय रिजवान पुत्र निजामुद्दीन खान निवासी अग्रवाल कालोनी और उसके दोस्त विनय कौशल, अरबाज खान, परवेज शाह और नीलेश क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर रिजवान का नीलेश से विवाद हो गया। इस दौरान आरोपित नीलेश ने रिजवान पर चाकू से हमला कर दिया।मौके पर मौजूद दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और फरियादी के बयान लेने के बाद आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपित फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
शादी में गया परिवार, फ्लैट से चोरी हो गए जेवर व रुपये – खातीवाला टैंक क्षेत्र में रहने वाले एक इलेक्ट्रिशियन के फ्लैट से एक लाख रुपये के जेवर व रुपये चोरी हो गए। जूनी इंदौर थाना पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से बदमाशों की तलाश कर रही है। मासमू अपार्टमेंट में रहने वाले अब्दुल तैय्यब पुत्र हकीमुद्दीन ने बताया कि वे रविवार सुबह 9 बजे हकीमबाग स्थित रिश्तेदार की शादी में परिवार सहित गए थे। शाम करीब 8 बजे लौटे तो घर के दरवाजे का नकूचा टूटा मिला। बदमाश सोने के कंगन, टाप्स व अन्य जेवर और 50 हजार रुपये चुरा ले गए।




