जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या एक बार फिर सवा सौ के पार पहुंच गई है। जिले में सोमवार को 120 संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें छोटे बच्चों सहित एक ही परिवार के दो से ज्यादा सदस्य भी शामिल हैं।
बीएमसी के मीडिया प्रभारी डा. उमेश पटैल ने बताया कि बीएमसी की फ्लू ओपीडी में सोमवार को 51 कोरोना संदिग्ध मरीजों को इलाज दिया गया। इसके अलावा यहां वर्तमान में दो संदिग्ध और चार पाजिटिव मरीज इलाजरत हैं। दो मरीजों को होम आइसोलेशन में भेजा गया है। बीएमसी की वायलाजी लैब से 72 कोरोना संक्रमित मरीजों की जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है, जबकि पोर्टल में 120 कोरोना संक्रमित मरीज दर्ज किए गए हैं। जिले में कोरोना संक्रमित अब भी सौ से ज्यादा मिल रहे हैं, जिस कारण लोगों को मास्क पहनने के साथ कोरोना गाइडलाइन का अच्छी तरह से पालन करने और समय पर टीकाकरण कराने की जरूरत है।
बीएमसी कैंपस व कैंट क्षेत्र में मिले संक्रमित, कुछ बच्चे भी शामिल
बीएमसी द्वारा जारी सूची के अनुसार जिले में 120 मरीज सामने आए हैं। इन मरीजों में किशोर न्यायालय में 15 साल का किशोर, बंडा की अस्पताल की 32 वर्षीय महिला कर्मचारी, बीएमसी कैपस में 23 वर्षीय छात्रा व 30 वर्षीय पुरूष, केंद्रीय जेल में एक कैदी, पुरानी मकरोनिया में नौ वर्षीय बालक, मोतीनगर तिवारी गली में 14 वर्षीय बालक, गोपालगंज में छह वर्षीय बालिका, जैसीनगर में तीन वर्षीय बालिका कोरोना संक्रमित मिली है। इसके अलावा करीब आधा दर्जन से ज्यादा ऐसे संक्रमित मिले हैं, जिनकी उम्र 20 साल से कम है।




