हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हुए जहरीली शराब कांड के चार आरोपितों को मध्य प्रदेश पुलिस की मदद से यहां के एक फार्म हाउस से गिरफ्तार किया गया है। श्योपुर के बड़ौदा स्थित गिल फार्म हाउस में आरोपितों के होने की पुलिस को सूचना मिली थी।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर थाने से इंस्पेक्टर कमलेश टीम के साथ रविवार सुबह यहां सिटी कोतवाली पहुंचे। हिमाचल पुलिस ने बताया कि, मंडी जिले में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत हो गई थी, वहीं 12 लोग गंभीर रूप से बीमार गए थे।
जहरीली शराब कांड के आरोपित घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। आरोपितों की लोकेशन पहले राजस्थान के जयपुर में मिली थी, बाद में श्योपुर जिले में मिल रही है। सूचना पर श्योपुर के बड़ौदा थाना पुलिस की मदद ली गई। पुलिस टीम गिल फार्म हाउस पहुंची।
जहां से पुलिस ने शराब कांड के आरोपित 43 वर्षीय गुरुदेव सिंह पुत्र सुखीराम निवासी थाना नयनादेवी जिला बिलासपुर, 24 वर्षीय राकेश पुत्र अजमेर सिंह निवासी पुना, 34 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र ताराचंद थाना करियालग जिला बिलासपुर, अनिल पुत्र विधिचंद निवासी थाना पिपलोदकर जिला कांगड़ा को गिरफ्तार किया है।




