इंदौर। शहर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एविएशन सेक्टर में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 11 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर आनंद नगर स्थित ‘ब्लू मून एविएशन एकेडमी’ के संचालक अमित कुमार सिन्हा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोलाराम उस्ताद मार्ग निवासी पीड़ित सौरभ ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह ग्राउंड स्टाफ की नौकरी के सिलसिले में एकेडमी पहुंचा था। संचालक अमित सिन्हा ने पहले मुंबई में इंटरव्यू कराने के नाम पर 2 लाख रुपए लिए। कुछ दिन बाद उसने बिना इंटरव्यू सीधे दिल्ली में जॉइनिंग कराने का झांसा देकर 3 लाख रुपए और ऐंठ लिए। कुल 5 लाख रुपए देने के बाद भी सौरभ को जॉइनिंग लेटर नहीं मिला।
एकेडमी के दफ्तर में संपर्क करने पर सौरभ को दो अन्य युवतियों—तनुश्री मेहरा और साक्षी निखिलजे के साथ भी इसी तरह की ठगी का पता चला। आरोपी ने उनसे भी नौकरी के नाम पर 3-3 लाख रुपए ऐंठ लिए थे।
तीनों पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने कुल 11 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और उसके बैंक खातों व लेन-देन की जांच चल रही है।




