ग्वालियर। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में भोपाल एसटीएफ में पदस्थ इंस्पेक्टर आनंद कुमार के खिलाफ ग्वालियर महिला थाने में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पीड़िता (34 वर्ष) के अनुसार, वर्ष 2022 में पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर वह थाटीपुर थाने पहुंची थी। वहां तत्कालीन सब-इंस्पेक्टर आनंद कुमार ने केस सुलझाने में मदद का भरोसा देकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया। आरोप है कि 10 अक्टूबर 2022 की रात आनंद उसके किराए के कमरे में घुसा और अपनी पत्नी को कैंसर होने की बात कहकर पत्नी की मौत के बाद शादी करने का वादा किया। इसी झांसे में उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
महिला का आरोप है कि आरोपी अप्रैल 2025 तक शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो उसने साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।



