भोपाल के कोलार रोड स्थित मदर टेरेसा स्कूल से संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) तक करीब 30 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकली। खुली जीप, कार-जीप और मोटरसाइकिलों पर सैकड़ों लोग हाथों में तिरंगा थामे निकले। सुबह साढ़े 11 बजे सीएम डॉ. मोहन यादव ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई। वे यात्रा में भी शामिल रहे। करीब 7 किलोमीटर वे खुली जीप में विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ हाथों में तिरंगा थामे रहे। यात्रा के चलते ट्रैफिक व्यवस्था बदली रही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अखंड भारत संकल्प के साथ कर्मश्री संस्था के अध्यक्ष एवं विधायक शर्मा के नेतृत्व में ये तिरंगा यात्रा निकाली गई। रास्ते में करीब 500 स्वागत मंच सजे।जहां से तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी आन बान शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से पूरे देश को देशभक्ति और स्वतंत्रता की भावना में ओतप्रोत होने का अवसर प्रदान किया है। तिरंगे में विद्यमान चक्र देश की गति को दर्शाता है, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमने देश को विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था में शामिल किया है।
देश की शक्ति और विशेष कर युवा सामर्थ्य के माध्यम से हम जल्द ही विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था होंगे। स्वतंत्रता दिवस का महत्व हमारे सभी प्रमुख त्योहार होली दिवाली से अधिक है, अत: हर घर में तिरंगा लहराना चाहिए।

खुली जीप में तिरंगा थामे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधायक रामेश्वर शर्मा।
सवा 2 घंटे में पहुंची यात्रा
तिरंगा यात्रा के चलते ट्रैफिक रूट डायवर्ट किया गया था। यह यात्रा मदर टेरेसा स्कूल से शुरू हुई, जो सेमरी जोड़, गेहूंखेड़ा, बीमाकुंज, मंदाकिनी चौराहा, सर्व-धर्म ब्रिज, चूना भट्टी चौराहा, कोलार रेस्ट हाउस, मैनिट चौराहा, माता मंदिर, अटल पथ, रोशनपुरा चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, कमला पार्क, वीआईपी रोड, खानूगांव चौराहा, लालघाटी चौराहा, हलालपुर बस स्टैंड, चंचल चौराहा, कालिका चौराहा होते हुए बैरागढ़ से आगे भैंसाखेड़ी कृषि उपज मंडी पहुंची। करीब सवा दो घंटे में यात्रा पूरी हुई।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ मोबाइल पर सेल्फी भी ली।
पूरे मार्ग को तिरंगे, पोस्टर-बैनरों से सजाया
कोलार से संत नगर तक लगभग 30 किलोमीटर मार्ग पर 500 से अधिक स्वागत मंचों के माध्यम से नागरिक तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। कोलार से संत नगर तक होर्डिंग बैनर पोस्टरों, तिरंगों से पूरा तिरंगा यात्रा मार्ग को सजाया गया।
